मोगा (पंजाब): पंजाब के मोगा जिले में शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े एक सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने सरपंच पर करीब 12 राउंड फायरिंग की, जिसमें से 8 गोलियां उन्हें लगीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मृतक सरपंच हैप्पी सुबह अपनी थार गाड़ी से जिम जाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान रास्ते में फॉर्च्यूनर कार में सवार हमलावरों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने करीब 12 गोलियां चलाईं, जिनमें से 8 गोलियां सरपंच को लगीं।
फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और सरपंच को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और इलाके में नाकाबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश या गैंगवार की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी एंगल से मामले की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और गांव के लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
