हरियाणा के पंचकूला में पुलिस ने जुआ खिलाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से इलाके में लोगों को इकट्ठा कर जुआ खिलाने का काम कर रहा था। पुलिस को इसकी लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए पहले एक फर्जी ग्राहक (डमी ग्राहक) भेजा। जैसे ही युवक ने जुआ खिलाना शुरू किया, पहले से मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने छापा मार दिया। छापेमारी के दौरान आरोपी के पास से 5050 रुपए नकद बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार आरोपी आसपास के लोगों को बुलाकर पैसे लगवाकर जुआ खिलाता था। इससे इलाके में अवैध गतिविधियां बढ़ रही थीं और कई लोग आर्थिक नुकसान का शिकार हो रहे थे। आरोपी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अगर किसी भी व्यक्ति को ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलती है तो वह तुरंत पुलिस को सूचना दे सकता है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस काम में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
