पंचकूला। जेपी नड्डा ने शनिवार को हरियाणा के पंचकूला में राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा के निवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक गतिविधियों और विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की समन्वित योजनाओं की समीक्षा की गई। खासतौर पर बुनियादी ढांचे, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास और शहरी परियोजनाओं पर विचार-विमर्श हुआ। बताया जा रहा है कि आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और संगठन की रणनीति को लेकर भी चर्चा की गई।
बैठक के बाद पार्टी पदाधिकारियों और स्थानीय नेताओं ने भी केंद्रीय मंत्री से मुलाकात की। कार्यकर्ताओं में इस दौरे को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह मुलाकात प्रदेश में संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम है।
अपने दौरे के दौरान जेपी नड्डा ने पंचकूला स्थित PWD रेस्ट हाउस में रात्रि प्रवास किया। सुरक्षा व्यवस्था के बीच उनका कार्यक्रम संपन्न हुआ।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह मुलाकात हरियाणा की राजनीति में आने वाले दिनों में नए संकेत दे सकती है। प्रदेश में विकास परियोजनाओं की गति तेज करने और संगठन को सक्रिय रखने पर जोर दिया गया है।
फिलहाल, इस दौरे को औपचारिक और संगठनात्मक बैठक बताया जा रहा है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे आगामी रणनीति से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
