फतेहाबाद। मुकाम मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रोडवेज विभाग ने विशेष मेला बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। यह स्पेशल बस सेवा कल से 19 फरवरी तक प्रतिदिन संचालित की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को आने-जाने में सुविधा मिलेगी। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार बस फतेहाबाद डिपो से निर्धारित समय पर रवाना होगी और सीधे मुकाम तक जाएगी। इस सेवा के लिए प्रति यात्री 390 रुपए किराया तय किया गया है। विभाग का कहना है कि यात्रियों की संख्या के अनुसार अतिरिक्त बसें भी लगाई जा सकती हैं।
रोडवेज प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे समय से पहले बस स्टैंड पहुंचें और यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें। मेला अवधि में भीड़ को देखते हुए बसों में अतिरिक्त स्टाफ की भी तैनाती की गई है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस विशेष सेवा से क्षेत्र के श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
