पंजाब के लुधियाना में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार कार का टायर फटने से बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, एक रिट्ज कार का अचानक टायर फट गया, जिससे ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रही स्विफ्ट कार से जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में मौके पर ही 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
कारों में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। लोहे की रॉड की मदद से गाड़ियों की खिड़कियां तोड़ी गईं, तब जाकर घायलों को बाहर निकाला जा सका। इसके बाद सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं, मृतकों के परिजन बिना पोस्टमॉर्टम कराए शव ले जाने की मांग पर अड़ गए, जिससे कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति भी बनी रही।
पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में टायर फटना ही हादसे की मुख्य वजह बताया जा रहा है।
