मध्य-पूर्व में इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारत के कई राज्यों में भी दिखाई देने लगा है। इसी कड़ी में हरियाणा में कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। सरकार और गैस एजेंसियों ने स्थिति को देखते हुए फिलहाल आम व्यावसायिक उपयोग के लिए सिलेंडरों की आपूर्ति सीमित कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, गैस की संभावित कमी और अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती अनिश्चितता के कारण प्रशासन ने प्राथमिकता के आधार पर जरूरी संस्थानों को ही सिलेंडर देने का फैसला किया है। इसके तहत कॉलेजों, अस्पतालों और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े संस्थानों को ही कॉमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस फैसले का असर सबसे ज्यादा होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और छोटे व्यापारियों पर पड़ सकता है, क्योंकि इनका काम मुख्य रूप से कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों पर ही निर्भर करता है। कई व्यापारियों ने चिंता जताते हुए कहा कि अगर सप्लाई लंबे समय तक बंद रही तो उनके व्यवसाय पर गंभीर असर पड़ सकता है।
गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है ताकि जरूरी सेवाओं में गैस की कमी न हो। उन्होंने बताया कि जैसे ही आपूर्ति सामान्य होगी, सभी उपभोक्ताओं को पहले की तरह गैस मिलना शुरू हो जाएगा।
वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घबराने की जरूरत नहीं है और गैस का उपयोग सोच-समझकर करें। सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर आगे के फैसले लिए जाएंगे।
