अमेरिका के कुख्यात फाइनेंसर और यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी नई अदालत फाइलों और दस्तावेज़ों में बेहद गंभीर और चौंकाने वाले आरोप सामने आए हैं। इन फाइलों में दावा किया गया है कि एपस्टीन और उसके नेटवर्क ने कई युवतियों को जबरन गर्भवती कराया, यौन संबंधों के दौरान उनके साथ हिंसा की गई और कुछ मामलों में महिलाओं की मौत के बाद शवों को फार्महाउस में दफनाया गया।
दस्तावेज़ों के मुताबिक, पीड़िताओं ने जांच एजेंसियों को बताया कि एपस्टीन के ठिकानों पर संगठित तरीके से यौन शोषण किया जाता था। आरोप है कि यौन उत्पीड़न के दौरान महिलाओं का गला घोंटने जैसी क्रूर हरकतें भी की जाती थीं। कुछ गवाहियों में कहा गया है कि विरोध करने पर पीड़िताओं को धमकाया जाता था और उन्हें चुप रहने के लिए दबाव डाला जाता था।
नई फाइलों में यह भी दावा किया गया है कि एपस्टीन के फार्महाउस और निजी संपत्तियों का इस्तेमाल अपराध छिपाने के लिए किया गया। कुछ पीड़िताओं का आरोप है कि जिन महिलाओं की संदिग्ध हालात में मौत हुई, उनके शवों को वहीं दफनाया गया, ताकि सबूत मिटाए जा सकें। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र जांच अभी जारी है और सभी आरोपों की पुष्टि होना बाकी है।
एपस्टीन की मौत 2019 में न्यूयॉर्क की जेल में हुई थी, जिसे आधिकारिक तौर पर आत्महत्या बताया गया, लेकिन उसके बाद से लगातार नए खुलासे सामने आते रहे हैं। इन ताजा दस्तावेज़ों ने एक बार फिर एपस्टीन नेटवर्क में शामिल प्रभावशाली लोगों और संभावित सहयोगियों की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अमेरिकी जांच एजेंसियों ने कहा है कि नई फाइलों में सामने आए तथ्यों की गहन समीक्षा की जा रही है। पीड़ितों के वकीलों का कहना है कि यह खुलासे न्याय की दिशा में बड़ा कदम हैं और दोषियों को सजा दिलाने के लिए कानूनी लड़ाई तेज की जाएगी। वहीं, मानवाधिकार संगठनों ने मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है, ताकि पीड़िताओं को न्याय मिल सके और ऐसे अपराधों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
