गुरुग्राम में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां अफेयर के शक में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद आरोपी पति करीब दो घंटे तक पत्नी के शव के पास ही बैठा रहा। इस दौरान उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से पत्नी के साथ की तस्वीरें भी डिलीट कर दीं।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी के भाई यानी साले को फोन कर कहा कि उसकी बहन “गलती से मर गई है।” हालांकि जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्हें हालात संदिग्ध लगे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पति को पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था, इसी को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। शुरुआती पूछताछ में आरोपी के बयान बार-बार बदलते रहे, जिससे शक और गहराया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में हत्या का केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
