देश के सर्राफा बाजार में आज भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। चांदी की कीमतों में एक ही दिन में 28 हजार रुपये प्रति किलो की बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जबकि सोना भी करीब 3 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया। वायदा बाजार में कमजोर वैश्विक संकेतों और मुनाफावसूली के दबाव के कारण कीमती धातुओं के दाम नीचे आए हैं।
वायदा कारोबार में चांदी का भाव गिरकर करीब 2.40 लाख रुपये प्रति किलो पर आ गया। इससे पहले चांदी ऐतिहासिक ऊंचाई के आसपास कारोबार कर रही थी। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर की मजबूती, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी और निवेशकों द्वारा मुनाफा काटने के चलते चांदी पर दबाव बढ़ा।
वहीं, सोने की कीमतों में भी कमजोरी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 10 ग्राम सोना करीब 3 हजार रुपये टूटकर निचले स्तर पर आ गया। घरेलू मांग में कमी और वैश्विक बाजारों में सोने की चमक फीकी पड़ने से कीमतों पर असर पड़ा है।
सर्राफा व्यापारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में बाजार की दिशा अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों, डॉलर इंडेक्स और अंतरराष्ट्रीय भू-राजनीतिक हालात पर निर्भर करेगी। हालांकि, कीमतों में आई इस गिरावट से शादी-विवाह के सीजन से पहले ग्राहकों की खरीदारी बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
विशेषज्ञ निवेशकों को सलाह दे रहे हैं कि वे जल्दबाजी में फैसले न लें और बाजार के रुझान को देखकर ही सोना-चांदी में निवेश करें, क्योंकि निकट भविष्य में कीमतों में और उतार-चढ़ाव संभव है।
