जालंधर में सोमवार को जमशेर स्थित बायोफ्यूल प्लांट के विरोध में किसानों ने प्रदर्शन किया। किसानों की योजना हाईवे जाम करने की थी, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें रोक लिया। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
हाईवे जाम की अनुमति न मिलने के बाद किसानों ने सोफी पिंड में धरना लगा दिया। प्रदर्शनकारी किसानों का कहना है कि बायोफ्यूल प्लांट से पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है और आसपास के गांवों के लोगों की सेहत पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है। किसानों ने प्रशासन से प्लांट को बंद करने या उनकी मांगों पर तुरंत कार्रवाई करने की मांग की।
वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। किसानों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति दी गई है, लेकिन यातायात बाधित करने की इजाजत नहीं दी जा सकती। फिलहाल इलाके में हालात तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बने हुए हैं।
