जालंधर में देर रात एक दुकान में चोरी की कोशिश का मामला सामने आया। जानकारी के मुताबिक एक अज्ञात युवक स्कूटी पर सवार होकर बाजार इलाके में पहुंचा और बंद पड़ी दुकान का ताला तोड़ने के बाद शटर उखाड़ने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान पास के मकान में मौजूद एक बच्ची की नजर उस पर पड़ गई। बच्ची ने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया, जिससे आसपास के लोग सतर्क हो गए। लोगों की आहट सुनते ही आरोपी घबरा गया और मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों ने इलाके में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई है और रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
