ढाका: तारिक रहमान ने भारत-बांग्लादेश संबंधों पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच मित्रता और सहयोग जारी रहना चाहिए, लेकिन हर फैसले में बांग्लादेश के राष्ट्रीय हित को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने लंबे संघर्ष, त्याग और कठिनाइयों का सामना करके लोकतंत्र की राह चुनी है और अब किसी भी प्रकार के दबाव या असंतुलित समझौते को स्वीकार नहीं किया जाएगा। रहमान ने जोर देकर कहा कि पड़ोसी देश भारत के साथ ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध मजबूत हैं, लेकिन नीतियां ऐसी हों जो बांग्लादेश की संप्रभुता और विकास को सुदृढ़ करें। उन्होंने यह भी कहा कि आज का दिन देश के लिए नई दिशा का प्रतीक है, जहां सभी नागरिक स्वतंत्र हैं और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना हर राजनीतिक दल और आम जनता की जिम्मेदारी है।
