पंचकूला में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनरेगा में प्रस्तावित संशोधन के विरोध में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के संशोधनों से ग्रामीण श्रमिकों के अधिकारों पर असर पड़ेगा और रोजगार के अवसर सीमित होंगे।
धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता चौहान ने कहा कि मनरेगा देश के करोड़ों गरीब और मजदूर वर्ग के लिए जीवनरेखा है। इसमें किसी भी तरह का संशोधन जो श्रमिकों के हितों के खिलाफ हो, उसे कांग्रेस सहन नहीं करेगी। उन्होंने सरकार पर मजदूरों के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था कमजोर होगी।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और मनरेगा को मजबूत करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि संशोधन वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
