पंजाब के कई शहरों में पेट्रोल-डीजल को लेकर अचानक संकट की स्थिति बन गई है। लुधियाना और जालंधर में दो पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म होने के बाद उन्हें बंद करना पड़ा। हालात इतने बिगड़ गए कि पंप मालिकों ने रस्सियां लगाकर एंट्री बंद कर दी, ताकि लोग जबरदस्ती अंदर न घुसें।
वहीं अमृतसर में पेट्रोल भरवाने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कई जगहों पर लोगों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा। अचानक बढ़ी मांग के कारण सप्लाई पर दबाव साफ दिखाई दे रहा है।
चंडीगढ़ में प्रशासन ने एहतियात के तौर पर ड्रमों और कैनों में डीजल देने पर रोक लगा दी है। यह कदम जमाखोरी और कालाबाजारी को रोकने के लिए उठाया गया है।
बताया जा रहा है कि सप्लाई चेन में दिक्कत और अचानक बढ़ी डिमांड के चलते यह स्थिति बनी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हालात सामान्य कर दिए जाएंगे और लोगों से घबराने की बजाय जरूरत के अनुसार ही ईंधन लेने की अपील की गई है।
फिलहाल प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी तरह की अफरा-तफरी न फैले।
