पानीपत (हरियाणा): हरियाणा के पानीपत जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीआरपीएफ की वर्दी पहनकर शराब तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। आरोपियों ने कैंटर पर बड़े अक्षरों में ‘POLICE’ लिख रखा था, ताकि किसी को शक न हो और वे बिना रोक-टोक निकल सकें। पुलिस ने कैंटर से 502 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग फर्जी पहचान बनाकर भारी मात्रा में शराब की तस्करी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर नाका लगाकर संदिग्ध कैंटर को रोका गया। जांच के दौरान वाहन में सवार आरोपी सीआरपीएफ की वर्दी में मिले। तलाशी लेने पर उनके पास से नकली आईडी कार्ड भी बरामद हुए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कैंटर की तलाशी में अंग्रेजी शराब की 502 पेटियां मिलीं, जिनकी बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी दूसरे राज्य से शराब लाकर हरियाणा में सप्लाई करने की फिराक में थे।
आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम, धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि गिरोह में और कौन-कौन शामिल है तथा शराब की सप्लाई कहां की जानी थी।
फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
