जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सेना और पुलिस की संयुक्त टीम ने जंगलों में छिपे एक आतंकी ठिकाने को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार सुरक्षा एजेंसियों को खुफिया सूचना मिली थी कि बांदीपोरा के घने जंगलों में आतंकियों ने एक ठिकाना बना रखा है, जहां से वे किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया।
सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों को जंगल के भीतर छिपा हुआ आतंकी ठिकाना मिला। जवानों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर ठिकाने को नष्ट कर दिया। तलाशी के दौरान वहां से RPG (रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड), LMG (लाइट मशीन गन), कई हथियार, गोला-बारूद और अन्य सैन्य सामग्री बरामद की गई।
अधिकारियों के मुताबिक बरामद हथियारों से अंदाजा लगाया जा रहा है कि आतंकी किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। समय रहते सुरक्षा बलों की कार्रवाई से उनकी योजना नाकाम हो गई।
फिलहाल सुरक्षा बल पूरे इलाके में तलाशी अभियान जारी रखे हुए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस ठिकाने का इस्तेमाल किन आतंकियों द्वारा किया जा रहा था और क्या आसपास अन्य ठिकाने भी मौजूद हैं।
