खबर:
बिहार में इंटरमीडिएट परीक्षा के दौरान अलग-अलग जिलों से चौंकाने वाली तस्वीरें सामने आईं। जहानाबाद में एक कैदी पुलिस अभिरक्षा में, हथकड़ी लगाए हुए परीक्षा देने परीक्षा केंद्र पहुंचा। कड़ी सुरक्षा के बीच उसे परीक्षा कक्ष तक ले जाया गया, जहां उसने निर्धारित समय में परीक्षा दी।
वहीं नालंदा जिले में परीक्षा केंद्र पर अव्यवस्था देखने को मिली। देर से पहुंचे कई छात्र गेट बंद होने के बाद दीवार फांदकर परिसर में घुसते नजर आए। इस दौरान केंद्र पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, हालांकि बाद में प्रशासन ने हालात को नियंत्रित किया।
इसी बीच कुछ परीक्षा केंद्रों पर छात्राओं से हिजाब हटवाने को लेकर विवाद भी सामने आया। छात्राओं और अभिभावकों ने इस पर आपत्ति जताई, जबकि केंद्र प्रशासन का कहना है कि परीक्षा के दौरान पहचान सत्यापन और नियमों का पालन कराना अनिवार्य है।
