हरियाणा के सिरसा जिले में बीमारी से परेशान एक अधेड़ व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहा था और इसी वजह से मानसिक रूप से भी काफी परेशान रहने लगा था।
मिली जानकारी के अनुसार, अधेड़ को इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के मुताबिक डॉक्टरों ने बताया था कि उसका लिवर काफी खराब हो चुका है और उसकी हालत भी ठीक नहीं थी। इसी बीच उसने अस्पताल की छत पर जाकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना का पता तब चला जब अस्पताल के कर्मचारियों ने छत पर उसे फंदे से लटका हुआ देखा। इसके बाद तुरंत अस्पताल प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के परिजनों का कहना है कि वह लंबे समय से बीमारी से परेशान था और इलाज भी चल रहा था। लिवर की बीमारी के कारण उसकी हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी, जिससे वह काफी तनाव में रहने लगा था।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अस्पताल स्टाफ व परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
