मलेशिया की आधिकारिक यात्रा पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजधानी में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम खुद एयरपोर्ट पहुंचकर पीएम मोदी को रिसीव करने आए, जिसे दोनों देशों के मजबूत और भरोसेमंद रिश्तों का प्रतीक माना जा रहा है। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि यह सम्मान मलेशिया में रह रहे भारतीय समुदाय के प्रति प्रधानमंत्री इब्राहिम के प्रेम और सम्मान को दर्शाता है।
पीएम मोदी ने बताया कि भारत और मलेशिया के बीच डिजिटल सहयोग को और मजबूत किया जाएगा और आने वाले समय में मलेशिया में UPI सेवा शुरू की जाएगी, जिससे दोनों देशों के नागरिकों, खासकर भारतीय प्रवासियों और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि UPI लॉन्च होने से व्यापार, पर्यटन और लोगों के आपसी संपर्क को नई गति मिलेगी।
दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता में व्यापार, निवेश, रक्षा सहयोग, शिक्षा और तकनीक जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। इस यात्रा को भारत–मलेशिया संबंधों में एक नए अध्याय की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
