हरियाणा के पानीपत से साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला को उसके ही लंदन में रहने वाले रिश्तेदार ने व्हाट्सएप के जरिए इमोशनल ब्लैकमेल कर करीब 20 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने महिला को अपने वीजा खत्म होने और पुलिस द्वारा कस्टडी में लेने का डर दिखाकर अलग-अलग बहानों से पैसे मंगवाए।
पीड़ित महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ समय पहले उसके रिश्तेदार का व्हाट्सएप पर मैसेज आया। उसने बताया कि वह लंदन में परेशानी में फंस गया है। उसका वीजा खत्म हो गया है और वहां की पुलिस उसे हिरासत में लेने वाली है। आरोपी ने महिला से कहा कि अगर तुरंत पैसे नहीं मिले तो उसे जेल जाना पड़ सकता है।
रिश्तेदार होने के कारण महिला उसकी बातों में आ गई। आरोपी ने कभी वकील की फीस तो कभी दस्तावेज बनवाने और जुर्माना भरने के नाम पर पैसे मांगना शुरू कर दिया। महिला ने कई बार में करीब 20 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए।
कुछ समय बाद भी जब समस्या खत्म नहीं हुई और आरोपी लगातार पैसे मांगता रहा तो महिला को शक हुआ। इसके बाद उसने परिजनों से बात की और मामला पुलिस तक पहुंचा। जांच में सामने आया कि महिला को झांसा देकर बड़ी रकम ऐंठ ली गई है।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर साइबर ठगी का मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जिन बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर किए गए हैं, उनकी जांच की जा रही है और आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या व्हाट्सएप पर आने वाले ऐसे मैसेजों से सतर्क रहें। किसी भी व्यक्ति के कहने पर बिना जांच-पड़ताल के पैसे ट्रांसफर न करें, वरना साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं।
