लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति महिला और उसकी बच्ची को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की नीयत से घर पहुंचा, लेकिन पेट्रोल डालते समय अचानक आग भड़क गई और आरोपी खुद ही बुरी तरह झुलस गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है। वह किसी पुराने विवाद के चलते महिला के घर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि उसने अपने साथ पेट्रोल की बोतल लाई थी और महिला व उसकी बच्ची पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश कर रहा था।
इसी दौरान पेट्रोल डालते समय अचानक आग भड़क गई। लपटें इतनी तेज थीं कि आरोपी खुद ही उसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही बुरी तरह झुलस गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की और घायल आरोपी को अस्पताल पहुंचाया।
घटना के दौरान महिला और उसकी बच्ची किसी तरह बच गईं, जिससे बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते लोग मौके पर नहीं पहुंचते तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ हत्या की कोशिश सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा। साथ ही घटना से जुड़े वीडियो की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस आरोपी के ठीक होने का इंतजार कर रही है ताकि उससे पूछताछ कर घटना के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके।
