भारतीय रेलवे की देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन आधुनिक सुविधाओं और पर्यावरण-अनुकूल तकनीक के साथ जल्द यात्रियों के लिए तैयार हो रही है। ट्रेन के अंदरूनी हिस्से की तस्वीरें सामने आने के बाद इसकी डिजाइन और सुविधाओं की चर्चा तेज हो गई है। इस ट्रेन को यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित सफर को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक तकनीक से तैयार किया गया है।
ट्रेन के कोच में यात्रियों के लिए आरामदायक लग्जरी सीटें, मोबाइल और लैपटॉप चार्ज करने के लिए चार्जिंग सॉकेट, तथा सफर के दौरान खड़े यात्रियों की सुविधा के लिए हैंडग्रिपर लगाए गए हैं। इसके अलावा कोच का इंटीरियर आधुनिक डिजाइन के साथ तैयार किया गया है, ताकि लंबी दूरी की यात्रा अधिक आरामदायक बन सके।
जानकारी के अनुसार, यह हाइड्रोजन ट्रेन एक बार में लगभग 2,600 यात्रियों को लेकर चलने की क्षमता रखेगी। ट्रेन में सुरक्षा, ऊर्जा दक्षता और यात्रियों की सुविधा से जुड़े कई आधुनिक फीचर्स शामिल किए गए हैं। हाइड्रोजन ईंधन पर आधारित होने के कारण यह पारंपरिक डीजल ट्रेनों की तुलना में अधिक पर्यावरण-अनुकूल मानी जा रही है और कार्बन उत्सर्जन कम करने में भी मदद करेगी।
भारतीय रेलवे का उद्देश्य स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना और आधुनिक तकनीक के जरिए रेल परिवहन को अधिक टिकाऊ बनाना है। हाइड्रोजन तकनीक का उपयोग भविष्य में रेलवे के हरित परिवहन मिशन को नई दिशा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन के संचालन और अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आवश्यक परीक्षण पूरे होने के बाद इसे निर्धारित रूट पर चलाने की योजना है। इस परियोजना को भारतीय रेलवे की आधुनिक और हरित परिवहन पहल का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
