शिमला में फोरलेन टनल निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा सामने आया है। संजौली–ढली बाइपास पर अचानक जमीन धंसने से करीब 15 फीट गहरा गड्ढा बन गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सुरक्षा के मद्देनज़र प्रशासन ने तुरंत इस मार्ग पर ट्रैफिक रोक दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और तकनीकी विशेषज्ञ मौके पर पहुंच गए। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि टनल निर्माण के दौरान की गई खुदाई और कमजोर भू-संरचना के कारण जमीन धंसी। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है। उनका कहना है कि लगातार हो रहे निर्माण कार्यों से पहाड़ी इलाकों में ऐसे खतरे बढ़ते जा रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच और स्थायी समाधान की मांग की है।
प्रशासन ने बताया कि भू-वैज्ञानिकों की टीम से रिपोर्ट मंगाई जा रही है और स्थिति सामान्य होने के बाद ही ट्रैफिक बहाल किया जाएगा। फिलहाल वैकल्पिक मार्गों से वाहनों को डायवर्ट किया गया है।
