फतेहाबाद में एक दर्दनाक हादसे में कुंड में डूबने से ढाई साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। बच्चा अपने परिवार के साथ सिरसा से फतेहाबाद स्थित मामा के घर आया हुआ था। हादसे के समय घर के आंगन में बने कुंड के पास खेलते-खेलते वह उसमें गिर गया।
परिजनों के अनुसार, कुछ देर के लिए बच्चे पर ध्यान नहीं गया। जब काफी समय तक वह दिखाई नहीं दिया तो घरवालों ने तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान बच्चा कुंड में पड़ा मिला। उसे तुरंत बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि बच्चा सिरसा निवासी परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मामा के घर और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस का कहना है कि यह एक दुर्घटना प्रतीत होती है। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
