लुधियाना में एक्टिवा सवार चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला शहर के एक औद्योगिक इलाके से सामने आया है, जहां देर रात दो अज्ञात युवक एक्टिवा पर सवार होकर फैक्ट्री के बाहर रखा कपड़े का थान उठाकर फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री मालिक ने बताया कि रोजाना की तरह माल लोडिंग के लिए बाहर रखा गया था। इसी दौरान दो युवक एक्टिवा पर आए और आसपास नजर दौड़ाने के बाद मौका देखकर कपड़े का भारी थान उठाकर वाहन पर रख लिया। कुछ ही सेकंड में दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। सुबह जब कर्मचारियों ने माल चेक किया तो थान गायब मिला, जिसके बाद CCTV फुटेज खंगाली गई।
फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक एक्टिवा स्टार्ट रखता है जबकि दूसरा नीचे उतरकर कपड़े का थान उठाता है और तेजी से वाहन पर रख देता है। घटना के बाद फैक्ट्री मालिक ने थाना पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आसपास के इलाकों में लगे अन्य CCTV कैमरों की भी जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय व्यापारियों में इस घटना के बाद डर का माहौल है। उनका कहना है कि पिछले कुछ दिनों से एक्टिवा सवार संदिग्ध युवक इलाके में घूमते नजर आ रहे थे। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल CCTV फुटेज के आधार पर जांच जारी है।
