गुरुग्राम/राजस्थान। हरियाणा के गुरुग्राम से जुड़े विधायकों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे राजस्थान के प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर में चल रहे वार्षिक मेले के दौरान भक्ति में झूमते नजर आ रहे हैं। वीडियो में विधायक ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते दिख रहे हैं और श्रद्धालुओं के साथ पैदल यात्रा करते हुए मंदिर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा मेले में शामिल होने के लिए पैदल यात्रा करते हुए खाटू धाम पहुंचे। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक और श्रद्धालु भी मौजूद रहे। भक्ति गीतों पर नाचते हुए उनका वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शेयर किया जा रहा है।
वीडियो में एक और दृश्य चर्चा का विषय बना, जिसमें पटौदी से विधायक सत्य प्रकाश जरावता को सम्मान देते हुए मुकेश शर्मा उनके पैर छूते नजर आते हैं। समर्थकों का कहना है कि यह भारतीय संस्कृति और परंपरा के सम्मान का प्रतीक है। वहीं कुछ लोग इसे राजनीतिक शिष्टाचार से जोड़कर देख रहे हैं।
खाटू श्याम मेला हर साल फाल्गुन महीने में आयोजित होता है, जिसमें देशभर से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। प्रशासन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए विशेष इंतजाम किए जाते हैं। इस बार भी मेले में भारी भीड़ उमड़ी हुई है।
फिलहाल, इस वीडियो को लेकर राजनीतिक गलियारों में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। हालांकि संबंधित विधायकों की ओर से इस पर कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
