गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक पेंट फैक्ट्री में शुक्रवार को भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि उसकी लपटें करीब 2 किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रही थीं। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
बताया जा रहा है कि आग फैक्ट्री के अंदर रखे केमिकल और ज्वलनशील पदार्थों की वजह से तेजी से फैल गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब कई घंटों की मेहनत के बाद आग को नियंत्रित किया। आग लगने के कारण इलाके में धुएं का गुबार छा गया, जिससे लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत होने लगी। एहतियात के तौर पर आसपास की कुछ फैक्ट्रियों और मकानों को खाली भी कराया गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
पुलिस का कहना है कि घटना की पूरी जांच की जा रही है और सुरक्षा मानकों का भी परीक्षण किया जाएगा। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और दमकल कर्मी मौके पर मौजूद हैं।
