हरियाणा के रोहतक में आज पूरे सम्मान के साथ शहीद स्क्वाड्रन लीडर अनुज को अंतिम विदाई दी जा रही है। भारतीय वायुसेना के जांबाज़ अधिकारी स्क्वाड्रन लीडर अनुज का पार्थिव शरीर शनिवार को श्मशान घाट लाया गया, जहां कुछ ही देर में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
जैसे ही शहीद का पार्थिव शरीर श्मशान घाट पहुंचा, वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, प्रशासनिक अधिकारी, सेना के जवान और जनप्रतिनिधि उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे। पूरे इलाके में “भारत माता की जय” और “शहीद अनुज अमर रहें” के नारों से माहौल गूंज उठा।
जानकारी के मुताबिक स्क्वाड्रन लीडर अनुज की शहादत एक प्लेन क्रैश के दौरान हुई थी। ड्यूटी के दौरान हुए इस हादसे में उन्होंने देश की सेवा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
अंतिम संस्कार से पहले सेना की टुकड़ी द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। राजकीय सम्मान के साथ उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। लोग हाथों में तिरंगा लेकर अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई देने पहुंचे।
शहीद स्क्वाड्रन लीडर अनुज की बहादुरी और देशभक्ति को हमेशा याद रखा जाएगा। उनका बलिदान देश के लिए गर्व की बात है और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा भी।
