हरियाणा के पानीपत जिले में सगाई तुड़वाने की साजिश का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी ही रिश्तेदारी में आने वाली युवती की सगाई तुड़वाने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया। आरोपी ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर युवती के मंगेतर को आपत्तिजनक फोटो भेज दीं और उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में युवती के परिवार ने बताया कि कुछ समय पहले उनकी बेटी की सगाई तय हुई थी और दोनों परिवार शादी की तैयारियों में जुटे थे। इसी बीच युवती के मंगेतर के इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक फर्जी आईडी से कुछ फोटो भेजी गईं। साथ ही मैसेज कर कहा गया कि अगर शादी की तो अंजाम बुरा होगा।
फोटो और धमकी भरे मैसेज मिलने के बाद दोनों परिवारों में तनाव पैदा हो गया और रिश्ते में खटास आने लगी। जांच के दौरान पता चला कि यह फर्जी इंस्टाग्राम आईडी युवती के ही रिश्ते में लगने वाले भाई ने बनाई थी।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक किसी निजी रंजिश के चलते यह साजिश रच रहा था ताकि युवती की सगाई टूट जाए। मामले की जानकारी मिलने के बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर आईटी एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। साइबर टीम फर्जी आईडी की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
