लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक जूस दुकानदार ने सनसनीखेज आरोप लगाया है। दुकानदार का कहना है कि कुछ लोग उसे जिंदा जलाने की नीयत से आए थे, लेकिन जब वह मौके पर नहीं मिला तो आरोपियों ने उसकी दुकान में आग लगा दी। घटना के बाद पीड़ित दुकानदार रोते हुए अपनी आपबीती सुनाता नजर आया।
पीड़ित ने बताया कि उसे पहले ही पुलिसवालों ने चेतावनी दी थी कि माहौल ठीक नहीं है, इसलिए कुछ दिन के लिए घर चले जाओ। दुकानदार का आरोप है कि उसी दौरान कुछ लोग उसकी दुकान पर पहुंचे और उसे ढूंढने लगे। जब उन्हें वह नहीं मिला तो गुस्से में आकर दुकान को आग के हवाले कर दिया।
दुकानदार ने कहा, “वे लोग मुझे जिंदा जलाने आए थे। अगर मैं दुकान पर होता तो शायद आज जिंदा नहीं होता। मुझे नहीं मिला तो मेरी पूरी दुकान फूंक दी।” घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा काफी सामान जलकर राख हो चुका था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की असली वजह का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
