हरियाणा के पंचकूला में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब नेचर कैंप के लिए जा रहे स्कूली छात्रों की बस के ब्रेक अचानक फेल हो गए। बस में करीब 40 से ज्यादा छात्र सवार थे और यह पहाड़ी इलाके से गुजर रही थी।
जानकारी के मुताबिक, जैसे ही ड्राइवर को ब्रेक फेल होने का अहसास हुआ, उसने घबराने के बजाय सूझबूझ दिखाते हुए बस को पहाड़ की साइड में टकरा दिया, जिससे बस की रफ्तार कम हो गई। अगर ड्राइवर ऐसा नहीं करता, तो बस गहरी खाई में गिर सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
इस घटना में करीब 20 छात्र घायल हुए हैं, जिनमें कुछ को हल्की चोटें आई हैं, जबकि कुछ को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह रही कि किसी की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती जांच में बस की तकनीकी खराबी को हादसे की वजह माना जा रहा है। वहीं, स्कूल प्रबंधन से भी जवाब मांगा गया है कि बस की फिटनेस और मेंटेनेंस की सही तरीके से जांच क्यों नहीं की गई।
इस घटना के बाद अभिभावकों में चिंता का माहौल है, वहीं ड्राइवर की सूझबूझ और बहादुरी की लोग सराहना कर रहे हैं, जिसकी वजह से कई बच्चों की जान बच सकी।
