CCTV में कैद हुई वारदात, हमलावरों ने बीच सड़क बरसाईं गोलियां
पंजाब के Amritsar में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां आम आदमी पार्टी (AAP) के एक सरपंच पर बीच सड़क सरेआम फायरिंग की गई। घटना उस समय हुई जब सरपंच अपनी पत्नी के साथ कार में कहीं जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, अचानक 7 हमलावरों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। पूरी वारदात इलाके में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें हमलावरों को खुलेआम फायरिंग करते हुए देखा जा सकता है।
बताया जा रहा है कि हमले के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग डर के कारण अपने घरों और दुकानों में छिप गए। हालांकि, इस हमले में सरपंच और उनकी पत्नी बाल-बाल बच गए, लेकिन उनकी गाड़ी को काफी नुकसान पहुंचा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया। पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हमले के पीछे आपसी रंजिश या राजनीतिक कारणों की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस बीच, इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और गश्त तेज कर दी गई है।
इस घटना ने एक बार फिर राज्य में बढ़ते अपराध और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।
