अमेरिका के एक बड़े अखबार में बड़े पैमाने पर छंटनी की गई है, जिसमें कांग्रेस सांसद शशि थरूर के बेटे ईशान थरूर की नौकरी भी चली गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अखबार प्रबंधन ने लागत घटाने के लिए करीब 300 कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाया है। इस दौरान अखबार का स्पोर्ट्स सेक्शन भी पूरी तरह बंद कर दिया गया।
कहा जा रहा है कि जेफ बेजोस की मालिकाना हक वाली यह मीडिया कंपनी लंबे समय से घाटे में चल रही थी। डिजिटल सब्सक्रिप्शन और विज्ञापन से होने वाली कमाई में गिरावट के चलते प्रबंधन पर खर्च कम करने का दबाव था। इसी के तहत कई विभागों में कटौती की गई और स्थायी कर्मचारियों के साथ-साथ कॉन्ट्रैक्ट पर काम कर रहे पत्रकारों को भी हटाया गया।
सूत्रों के अनुसार, प्रबंधन ने कर्मचारियों को ई-मेल के जरिए छंटनी की जानकारी दी। कंपनी का कहना है कि बदलते मीडिया परिदृश्य और आर्थिक चुनौतियों के बीच संगठन को टिकाऊ बनाने के लिए यह फैसला लेना पड़ा। हालांकि, पत्रकार संगठनों ने इस कदम की आलोचना करते हुए कहा है कि इससे स्वतंत्र और गुणवत्तापूर्ण पत्रकारिता को नुकसान पहुंचेगा।
इस छंटनी के बाद अमेरिकी मीडिया इंडस्ट्री में एक बार फिर नौकरी की अनिश्चितता पर बहस तेज हो गई है। पहले ही कई बड़े अखबार और डिजिटल मीडिया संस्थान कर्मचारियों की संख्या घटा चुके हैं, और अब यह कदम उस संकट को और गहरा करता नजर आ रहा है।
