हरियाणा के कुरुक्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक पेड़ से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गया। हादसे में ट्रक चालक केबिन में ही फंस गया और जिंदा जलकर उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया, जिसके तुरंत बाद ट्रक के केबिन में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने और चालक को निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के बाद ट्रक के केबिन में फंसे चालक के शव को निकालने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया।
पुलिस के अनुसार ट्रक चालक यमुनानगर की ओर जा रहा था। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि ट्रक तेज रफ्तार में था, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन पेड़ से जा टकराया। टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं इस दर्दनाक हादसे से इलाके में शोक का माहौल है।
