उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां तेज रफ्तार पिकअप वाहन आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसा, जिससे मौके पर ही 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 5 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग प्रयागराज से मुंडन संस्कार कराकर अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक यह दर्दनाक हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पिकअप की रफ्तार काफी तेज थी और चालक नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वाहन सीधे ट्रेलर में जा टकराया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
इस घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है। गांव में शोक का माहौल है और हर कोई इस हादसे से स्तब्ध है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
