पानीपत: हरियाणा के पानीपत में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक खाली जगह पर करीब 7 महीने का फीमेल भ्रूण मिला, जिसे आवारा जानवरों ने बुरी तरह नोच डाला था। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह जब कुछ लोग वहां से गुजर रहे थे तो उन्होंने जमीन पर कुछ संदिग्ध हालत में पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर पता चला कि वह करीब 7 महीने का भ्रूण है। इस दौरान आवारा कुत्ते उसे नोच रहे थे। लोगों ने तुरंत जानवरों को भगाया और इसकी सूचना सामाजिक संस्था जन सेवा दल और पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही जन सेवा दल की टीम मौके पर पहुंची। टीम के सदस्यों ने भ्रूण को सम्मानपूर्वक उठाया और उसे कपड़े में लपेटकर विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया। इस दौरान कई लोग भावुक हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि भ्रूण कहां से लाकर यहां फेंका गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह बेहद शर्मनाक और अमानवीय घटना है। लोगों ने मांग की है कि मामले की गहराई से जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है।
