पानीपत में एक महिला, उसकी नाबालिग बेटी और पड़ोस का नाबालिग लड़का संदिग्ध हालात में लापता हो गए हैं। परिजनों ने तीनों के अचानक गायब होने पर अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है और तीनों की तलाश शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक, घर से निकलते समय तीनों ने किसी को कोई जानकारी नहीं दी थी। जब काफी देर तक वापस नहीं लौटे और फोन भी बंद मिला तो परिजन घबरा गए। पुलिस ने तीनों का हुलिया जुटाकर आसपास के इलाकों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और संभावित ठिकानों पर तलाश तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और लोगों से पूछताछ जारी है। किसी भी तरह की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की गई है।
