उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों को देखते हुए योगी सरकार का बजट पूरी तरह जनकल्याण और सामाजिक वर्गों को साधने पर केंद्रित हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक इस बार के बजट में वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन की राशि बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है। इसके साथ ही लंबे समय से मानदेय बढ़ाने की मांग कर रहे शिक्षामित्रों को भी राहत मिल सकती है। सरकार युवाओं और महिलाओं को साधने के लिए नई रोजगार योजनाओं, स्टार्टअप प्रोत्साहन, स्वरोजगार लोन, और महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए विशेष पैकेज का ऐलान कर सकती है। इसके अलावा भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी, कौशल विकास कार्यक्रमों का विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों में इंफ्रास्ट्रक्चर पर निवेश बढ़ाने की संभावना है। माना जा रहा है कि यह बजट सीधे तौर पर गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा, जिससे चुनावी साल में सरकार को राजनीतिक बढ़त मिल सके।
