पंजाब के फरीदकोट से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दो सगे भाइयों ने एक साथ ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर ट्रैक पर छलांग लगा दी, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद रेलवे ट्रैक पर शव के टुकड़े बिखर गए, जिसे देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों भाई भारी कर्ज में डूबे हुए थे। उन पर करीब 25 लाख रुपये का लोन था, जिसे चुकाने में वे असमर्थ हो रहे थे। आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव के चलते उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया।
बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों की शादी एक ही परिवार में हुई थी, जिससे उनके पारिवारिक रिश्ते और भी गहरे थे। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जाएगी ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके।
