मानसा। पंजाब के मानसा जिले में तेज रफ्तार ने एक बार फिर दो जिंदगियां छीन लीं। यहां करीब 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आ रही एक स्विफ्ट कार ने बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार सगे भाई करीब 5 फीट हवा में उछल गए और सड़क पर गिरते ही दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद कार 360 डिग्री घूमती हुई सड़क किनारे जा गिरी। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों भाई बाइक पर सवार होकर किसी काम से जा रहे थे। जैसे ही वे मुख्य सड़क पर पहुंचे, सामने से तेज रफ्तार में आ रही स्विफ्ट कार ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक काफी ऊंचाई तक उछलकर दूर जा गिरे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से ड्राइविंग को हादसे की वजह माना जा रहा है। कार चालक हादसे के बाद मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह स्विफ्ट कार बाइक को टक्कर मारने के बाद गोल-गोल घूमती है। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में FIR दर्ज कर ली गई है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी चालक की पहचान की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय गति सीमा का पालन करें, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके।
