चंडीगढ़।
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) चंडीगढ़ ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए क्रॉस-बॉर्डर नशा तस्करी के संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। खुफिया इनपुट के आधार पर की गई इस कार्रवाई में अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल गिरोह का पर्दाफाश हुआ।
एनसीबी अधिकारियों के अनुसार, यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था और सीमापार से नशीले पदार्थों की आपूर्ति कर रहा था। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं, जबकि कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जांच में सामने आया है कि गिरोह के तार विदेशों में बैठे हैंडलर्स से जुड़े हुए थे, जो स्थानीय एजेंटों के माध्यम से नशे की सप्लाई कर रहे थे। एनसीबी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कड़ियों को भी खंगाला जा रहा है।
एनसीबी ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
