सोनीपत में हरियाणा सरकार के मंत्री राव नरबीर सिंह के एक बयान को लेकर फायर ब्रिगेड कर्मियों में जबरदस्त नाराजगी देखने को मिली। मंगलवार को फायर कर्मियों ने शहर के प्रमुख चौराहे पर मंत्री का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मंत्री द्वारा “टायर पंचर” को लेकर दिया गया बयान फायर ब्रिगेड कर्मचारियों की गरिमा और कार्य के प्रति असंवेदनशील है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
फायर ब्रिगेड यूनियन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि मंत्री का बयान न सिर्फ कर्मचारियों का अपमान है, बल्कि आपात सेवाओं में लगे कर्मियों के मनोबल को भी तोड़ने वाला है। उन्होंने कहा कि फायर ब्रिगेड कर्मचारी अपनी जान जोखिम में डालकर आग, हादसों और आपदाओं में लोगों की जान बचाते हैं, ऐसे में इस तरह की टिप्पणी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
प्रदर्शन के दौरान कर्मियों ने मांग की कि मंत्री अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही माफी नहीं दी गई और उनकी मांगों पर विचार नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसके तहत आने वाले दिनों में चक्का जाम किया जा सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।
मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति को नियंत्रित रखा गया। हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन फायर ब्रिगेड कर्मियों के तेवर काफी सख्त नजर आए। यूनियन ने साफ कहा कि सम्मान से जुड़ा मामला है और इसे हल्के में नहीं लिया जाएगा।
