हरियाणा के पंचकूला में कार का शीशा तोड़कर नकदी और जेवर चोरी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार नाडा साहिब गुरुद्वारे में माथा टेकने गया हुआ था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी उनकी कार को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, परिवार ने गुरुद्वारे के पास सड़क किनारे अपनी कार खड़ी की थी। जब वे दर्शन कर वापस लौटे तो कार का शीशा टूटा हुआ मिला। जांच करने पर पता चला कि वाहन के अंदर रखा कैश, जेवर और अन्य कीमती सामान गायब था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने पीड़ित परिवार के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस सभी पहलुओं पर काम कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले से वाहन की रेकी की थी या मौके का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन में नकदी, जेवर या अन्य कीमती सामान खुली जगह पर छोड़कर न जाएं। मामले में चोरी का केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
