LSG के होम ग्राउंड पर भी छाया RCB का रंग
लखनऊ के इकाना स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच IPL-2026 का 50वां मुकाबला खेला जा रहा है। मैच से पहले स्टेडियम के बाहर और अंदर फैंस का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
खास बात यह रही कि LSG का होम ग्राउंड होने के बावजूद विराट कोहली और RCB का क्रेज ज्यादा नजर आया। बड़ी संख्या में फैंस कोहली की एक झलक पाने के लिए स्टेडियम पहुंचे। कई दर्शक RCB की जर्सी पहनकर टीम को सपोर्ट करते दिखे।
स्टेडियम के बाहर दोनों टीमों की जर्सियां 200 से 500 रुपए तक में बिक रही हैं, लेकिन RCB की जर्सी की मांग सबसे ज्यादा देखी गई। फैंस में कोहली को लेकर खास दीवानगी दिखाई दी।
मैच से पहले मौसम ने थोड़ी चिंता जरूर बढ़ाई। सुबह आंधी और करीब डेढ़ घंटे तक हुई तेज बारिश के कारण मैदान को कवर करना पड़ा। फिलहाल आसमान में बादल छाए हुए हैं, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार मैच के दौरान मौसम साफ रहने की संभावना है।
यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। लगातार 6 मैच हार चुकी LSG जीत के साथ अपनी साख बचाने की कोशिश करेगी, जबकि RCB प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए जीत दर्ज करना चाहेगी।
फैंस को आज रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है और स्टेडियम में उत्साह चरम पर है।
