हरियाणा में विवादों के बीच पद से इस्तीफा देने के बाद पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष Renu Bhatia ने एक वीडियो जारी कर माफी मांगी है। अपने वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि कार्यकाल के दौरान यदि उनसे कोई गलती हुई हो या किसी की भावनाएं आहत हुई हों तो वह उसके लिए खेद व्यक्त करती हैं। हालांकि वीडियो में उन्होंने उस विवादित ‘बेटी वाले बयान’ का सीधे तौर पर कोई उल्लेख नहीं किया, जिसे लेकर पिछले दिनों काफी विवाद हुआ था।
रेणु भाटिया के वीडियो सामने आने के बाद भी नर्सिंग समुदाय का विरोध शांत नहीं हुआ है। नर्सिंग एसोसिएशन का कहना है कि केवल सामान्य माफी पर्याप्त नहीं है और विवादित बयान को लेकर स्पष्ट जवाबदेही तय की जानी चाहिए। इसी मांग को लेकर नर्सिंग कर्मचारियों और संगठन के प्रतिनिधि थाने पहुंचे।
थाने के बाहर प्रदर्शन के दौरान नर्सिंग एसोसिएशन के सदस्यों ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित मामले में FIR दर्ज करने और कार्रवाई करने की मांग उठाई। कई प्रदर्शनकारी “अरेस्ट करो” के नारे लगाते नजर आए। उनका आरोप है कि विवादित टिप्पणी से नर्सिंग पेशे से जुड़े लोगों और महिलाओं की भावनाएं आहत हुई हैं।
वहीं, प्रशासन की ओर से मामले को लेकर कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच की बात कही जा रही है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन प्राप्त कर उनकी शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई है। एक तरफ रेणु भाटिया की माफी को लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं, तो दूसरी ओर नर्सिंग संगठनों की ओर से कानूनी कार्रवाई की मांग लगातार जारी है।
