हरियाणा के फरीदाबाद में एक एडवोकेट के घर से बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाते हुए करीब 2 किलो सोना और ₹20 लाख नकद चोरी कर लिए। वारदात उस समय हुई, जब पूरा परिवार नोएडा में एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने गया हुआ था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोरों ने घर में प्रवेश करने के लिए एसी (AC) की विंडो तोड़ दी। इसके बाद वे अंदर घुस गए और घर में रखी अलमारियों व अन्य स्थानों की तलाशी ली। आरोपियों ने सोने के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान समेटकर फरार हो गए।
जब परिवार समारोह से लौटकर घर पहुंचा तो सामान बिखरा हुआ मिला। अलमारियों के ताले टूटे हुए थे और घर से कीमती सामान गायब था। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास सक्रिय चोरी करने वाले गिरोहों और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरों ने पहले घर की रेकी की थी या नहीं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि लंबे समय के लिए घर छोड़ते समय पड़ोसियों और स्थानीय पुलिस को सूचना दें तथा घर की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी और अन्य सुरक्षा उपायों का उपयोग करें।
