अमृतसर से जम्मू जा रही बस हादसे का शिकार
पंजाब में गुरदासपुर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। धारीवाल के नजदीक एक तेज रफ्तार टूरिस्ट बस बेकाबू होकर पलट गई।
जानकारी के अनुसार, बस अमृतसर से जम्मू जा रही थी। बस में ज्यादातर कॉलेज स्टूडेंट सवार बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस के पलटते ही उसके पीछे चल रही 3 से 4 गाड़ियां भी आपस में भिड़ गईं, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बस और वाहनों से बाहर निकालने में मदद की।
सूचना मिलने पर पंजाब पुलिस और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक के वाहन पर नियंत्रण खोने को हादसे की वजह माना जा रहा है।
हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए लंबा जाम भी लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
