हरियाणा के एक टीन कंटेनर अस्पताल में भीषण गर्मी के बीच मरीजों की हालत खराब होने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे VIDEO में मरीज और उनके परिजन गर्मी से परेशान नजर आ रहे हैं। कोई चादर बिछाकर जमीन पर लेटा है तो कोई हाथ से पंखा झलकर राहत पाने की कोशिश कर रहा है। अस्पताल के अंदर उमस और गर्मी इतनी ज्यादा बताई जा रही है कि मरीजों को सांस लेने में तकलीफ हो रही है।
मरीजों का आरोप है कि अस्पताल में लगे AC लंबे समय से बंद पड़े हैं, जिसके कारण कंटेनर वार्ड भट्टी की तरह गर्म हो गया है। उन्होंने कहा कि अंदर बैठना तक मुश्किल हो रहा है और कई बार दम घुटने जैसी स्थिति बन जाती है। मरीजों के परिजनों ने भी अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि यह कंटेनर अस्पताल कोरोना काल के दौरान तैयार किया गया था, ताकि संक्रमित मरीजों के इलाज की अतिरिक्त व्यवस्था की जा सके। उस समय इसे आधुनिक सुविधाओं से लैस अस्थायी अस्पताल के रूप में तैयार किया गया था, लेकिन अब रखरखाव की कमी के कारण यहां इलाज करा रहे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
VIDEO सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि अस्पताल में तुरंत AC और वेंटिलेशन की व्यवस्था दुरुस्त की जाए, ताकि मरीजों को राहत मिल सके। वहीं अधिकारियों का कहना है कि मामले की जानकारी ली जा रही है और जल्द जरूरी सुधार करवाए जाएंगे।
