शपथ समारोह में गवर्नर ने कांग्रेस विधायक को टोका
तमिलनाडु में मुख्यमंत्री विजय सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार समारोह के दौरान गुरुवार को दो बड़े विवाद सामने आए।
पहला विवाद शपथ ग्रहण के दौरान हुआ। राजेश कुमार ने मंत्री पद की शपथ लेते समय ‘कामराज अमर रहें’, ‘राजीव गांधी अमर रहें’ और ‘जननायक राहुल गांधी जिंदाबाद’ के नारे लगाए।
इस पर राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए कहा कि यह शपथ का हिस्सा नहीं है। समारोह के दौरान यह घटनाक्रम चर्चा का विषय बन गया।
दूसरा विवाद राज्य गीत तमिल थाई वाझ्थु को लेकर हुआ। समारोह में तमिलनाडु का राज्य गीत सबसे आखिर में बजाया गया, जबकि पिछली सरकारों में इसे कार्यक्रम की शुरुआत में बजाने की परंपरा रही है।
इस बदलाव को लेकर राजनीतिक हलकों और सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई। विपक्षी दलों और कुछ संगठनों ने इसे परंपरा से अलग कदम बताया।
मंत्रिमंडल विस्तार में कुल 23 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली, जिनमें दो विधायक भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से भी शामिल हैं।
समारोह के दौरान हुए दोनों विवादों ने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया है। फिलहाल, राज्य की राजनीति में इस घटनाक्रम को लेकर प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही हैं।
