पंजाब में ‘लॉरेंस ऑफ पंजाब’ सीरीज विवाद हाईकोर्ट पहुंचा
पंजाब में ‘लॉरेंस ऑफ पंजाब’ नाम की डॉक्यूमेंट्री सीरीज को लेकर विवाद अब हाईकोर्ट तक पहुंच गया है। पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने इस मामले में जनहित याचिका (PIL) दायर की है, जिसमें सीरीज की सामग्री और प्रस्तुति पर गंभीर आपत्ति जताई गई है।
याचिका में कहा गया है कि इस डॉक्यूमेंट्री के जरिए पंजाब की छवि को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। वड़िंग का आरोप है कि राज्य की पहचान को एक विवादित और नकारात्मक नजरिए से दिखाया जा रहा है, जो समाज और खासकर युवाओं पर गलत प्रभाव डाल सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब की असली पहचान स्वतंत्रता सेनानियों, विशेष रूप से भगत सिंह जैसे महान क्रांतिकारियों और देश की रक्षा करने वाले सैनिकों से है, न कि अपराध या विवाद से जुड़े व्यक्तियों से। इसलिए इस तरह की सामग्री पर रोक लगनी चाहिए।
हाईकोर्ट में दायर याचिका में मांग की गई है कि इस सीरीज के प्रसारण पर रोक लगाई जाए या इसकी सामग्री की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। इस मुद्दे पर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी बहस तेज हो गई है।
जहां एक ओर कुछ लोग इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का मामला बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कई संगठनों ने इसे समाजिक जिम्मेदारी से जोड़कर देखा है।
अब इस मामले में अदालत की सुनवाई के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी, लेकिन फिलहाल यह मुद्दा पूरे पंजाब में चर्चा का विषय बना हुआ है।
